सेजेस भर्ती परीक्षा: हिंदी में 1 पद पर 100 से अधिक दावेदार, सहायक शिक्षक में चयन की राह सबसे आसान
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (सेजेस) के 1,812 संविदा पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में कुल 82.46% उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा में पंजीकृत 34,604 अभ्यर्थियों में से 28,535 उम्मीदवार शामिल हुए।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे कड़ी प्रतिस्पर्धा हिंदी विषय में देखने को मिली है, जहां एक-एक पद के लिए 100 से ज्यादा दावेदार मैदान में हैं। वहीं, सहायक शिक्षक के पद पर मुकाबला सबसे आसान है, जहां एक सीट पर दो से भी कम अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा है।
सबसे कड़ा मुकाबला: कहां है सबसे ज्यादा होड़?
शिक्षक (हिंदी): सबसे भीषण मुकाबला इसी पद पर है। 17 पदों के लिए 2,386 आवेदन आए थे, जिनमें से 1,977 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। यानी 1 पद पर औसतन 116 उपस्थित दावेदार आमने-सामने हैं।
व्याख्याता (हिंदी): 51 पदों के लिए 6,276 आवेदन मिले और 5,227 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। यहां 1 पद पर करीब 102 उपस्थित उम्मीदवार दौड़ में हैं।
शिक्षक (कंप्यूटर): 40 पदों के लिए 2,821 आवेदन मिले और 2,300 अभ्यर्थी शामिल हुए। यहां 1 पद पर लगभग 58 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
आसान राह: कहां है सबसे कम प्रतिस्पर्धा?
सहायक शिक्षक: 590 पदों के लिए मात्र 1,162 आवेदन मिले और 1,015 परीक्षार्थी शामिल हुए। यहां 1 पद पर औसतन 1.72 उम्मीदवार हैं, जिससे चयन की संभावना सबसे अधिक है।
शिक्षक (अंग्रेजी): 106 पदों के लिए केवल 293 आवेदन आए और 247 उपस्थित रहे। यहां 1 पद पर महज 2.33 अभ्यर्थी हैं।
व्याख्याता (सामाजिक विज्ञान): 52 पदों के लिए 152 आवेदन आए और 129 परीक्षार्थी शामिल हुए, जहां प्रति पद उपस्थिति केवल 2.48 अभ्यर्थी रही।